बीकानेर: पीबीएम अस्पताल मे चिकित्सा विभाग की एक गंभीर लापरवाही आई सामने

THE BIKANER NEWS:- बीकानेर। पीबीएम अस्पताल के आचार्य तुलसी रीजनल कैंसर रिसर्च सेंटर में बुधवार शाम चिकित्सा विभाग की एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। अस्पताल के ब्लड बैंक और नर्सिंग स्टाफ की अनदेखी के चलते 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला, भवानी देवी, को गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ा दिया गया। समय रहते परिजनों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।
मरीज भवानी देवी को बुधवार शाम कैंसर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें खून चढ़ाने की सलाह दी थी।

परिजनों के अनुसार: वे ब्लड बैंक में ‘ए पॉजिटिव’ (A+) ग्रुप का सैंपल देकर आए थे।
करीब एक घंटे बाद जब परिजन खून लेने पहुंचे, तो ब्लड बैंक स्टाफ ने लापरवाही बरतते हुए उन्हें ‘बी पॉजिटिव’ (B+) ब्लड बैग थमा दिया।
हैरानी की बात यह रही कि वार्ड में तैनात नर्सिंग स्टाफ ने भी मरीज की फाइल से ब्लड ग्रुप का मिलान किए बिना ही खून चढ़ाना शुरू कर दिया।
खून चढ़ने के दौरान भवानी देवी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उनके पास बैठे पोते की नजर जैसे ही ब्लड बैग पर पड़ी, उस पर ‘बी पॉजिटिव’ लिखा देख उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत दौड़कर डॉक्टरों को सूचित किया और ड्रिप को रुकवाया। यदि कुछ देर और खून चढ़ जाता, तो परिणाम घातक हो सकते थे।
घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र वर्मा और मेडिकल ऑन्कोलॉजी के एचओडी डॉ. सुरेंद्र बेनीवाल तुरंत मौके पर पहुंचे।
वर्तमान हालात
”गलत खून चढ़ने का पता चलते ही उसे तुरंत रोक दिया गया और मरीज को जरूरी दवाएं दी गईं। वर्तमान में महिला की हालत में सुधार बताया जा रहा है और डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं।”
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
परिजनों और स्थानीय नेताओं ने इस मामले में ब्लड बैंक और नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच के लिए आश्वासन दिया है कि इस पूरी प्रक्रिया में जहां भी चूक हुई है, उन कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा।


































