बीकानेर पुलिस का ‘साइबर वज्र प्रहार’: 50 लाख की ठगी करने वाला मुख्य सरगना गिरफ्तार

THE BIKANER NEWS:; बीकानेर।
बीकानेर पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘साइबर वज्र प्रहार 2.0’ के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है। एसपी कावेंद्र सिंह के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फर्जी बैंक खातों के जरिए ठगी करने वाले गैंग के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस टीम की मुस्तैदी
इस कार्रवाई को साइबर थाना प्रभारी रमेश सर्वटा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम में कांस्टेबल रामधन, सुभाष और श्रीराम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस की इस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी को दबोचा।
आदतन अपराधी है आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का साइबर ठग है। वह इससे पहले हरियाणा के रोहतक में भी साइबर ठगी के एक मामले में जेल जा चुका है। हैरान करने वाली बात यह है कि जेल से छूटने के बाद उसने अपराध का रास्ता नहीं छोड़ा और दोबारा ठगी का नेटवर्क खड़ा कर लिया।
50 लाख की ठगी का खुलासा
पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते खुलवाता था और ठगी की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करने के लिए इनका इस्तेमाल करता था। अब तक की पूछताछ में करीब 50 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है। आरोपी ने यह रकम कई अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की थी।
जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट (IT Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को आशंका है कि इस गैंग में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिसे लेकर आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है।




































