|

बीकानेर पुलिस ने फिरौती गिरोह के लिए रेकी करने वाले को दबोचा,फोन में मिले शहर के कई प्रमुख व्यक्तियों के घरो के फोटो!

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, बीकानेर।सदर थाना पुलिस ने बीकानेर में सक्रिय एक संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़े युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शहर में रैकी कर फिरौती की साजिश रचने का आरोप है। पुलिस ने उसके पास से कई महत्वपूर्ण सबूत जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिंथल निवासी रोहित राणा पुत्र पूनमचंद धोली (उम्र 21 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार सोमवार शाम गश्त के दौरान टीम को सूचना मिली कि सादुलगंज क्षेत्र में सुखदेव चायल के मकान के पास एक संदिग्ध युवक घूम रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में युवक घबराने लगा, जिस पर पुलिस ने उसके मोबाइल की जांच की।

मोबाइल की जांच में कई लोगों के मकानों की फोटो और लोकेशन मिलीं, जिनमें शहर के कुछ प्रमुख व्यक्तियों के घर शामिल थे। प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने कबूल किया कि वह बाहरी अपराधियों के गिरोह के संपर्क में था और उन्हें संभावित लक्ष्यों की जानकारी भेज रहा था। गिरोह के सदस्यों ने उसे मकानों की तस्वीरें और रैकी की जानकारी देने के बदले ₹5,000 देने का वादा किया था।

आरोपी ने बताया कि यह रकम एक परिचित के बैंक खाते के जरिए उसे भेजी गई थी। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूत जब्त कर लिए हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी बीकानेर में सक्रिय एक पुराने आपराधिक गिरोह के लिए काम कर रहा था, जो पहले भी धमकी और फिरौती के मामलों में संलिप्त रहा है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 111(2)(बी), 111(3), 111(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें तैनात की गई हैं।

सदर थाना पुलिस का कहना है कि शहर में आपराधिक गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस अपील:
बीकानेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वाहन आसपास दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि ऐसे अपराधों को समय रहते रोका जा सके।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button