बीकानेर: नयाशहर थाना क्षेत्र में लिफ्ट के बहाने से झपटी बाइक सवार की सोने की चेन

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक ने अपने ही परिचित को लिफ्ट दी, लेकिन बदले में उसे अपनी कीमती सोने की चेन से हाथ धोना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार, परिवादी दीपक सोनी (पुत्र धनराज सोनी), निवासी लाली बाई बगीची, नत्थूसर बास ने पुलिस को आपबीती सुनाई। घटना 20 फरवरी दोपहर करीब 3 बजे की है। दीपक अपनी बाइक से मुरलीधर क्षेत्र की ओर जा रहे थे रास्ते में दीपक को उनका परिचित नरेंद्र डेलू मिला। नरेंद्र ने दीपक से उसे फुलनाथजी तालाब के पास छोड़ने का आग्रह किया। परिचित होने के नाते दीपक ने उसे अपनी बाइक पर पीछे बैठा लिया। जैसे ही वे फुलनाथ तालाब के पास पहुँचे, नरेंद्र ने बाइक से उतरते समय अचानक दीपक के गले पर हाथ मारा और वहां पहनी हुई 22 ग्राम वजनी सोने की चेन छीनकर आरोपी नरेंद्र मौके से फरार हो गया।

पीड़ित दीपक सोनी की रिपोर्ट पर नयाशहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और मामले की गहनता से जाँच की जा रही है।





































