Breaking:-बिजली चोरी रोकने और अवैध कनेक्शन काटने पर BKESL के jEN पर तलवार से किया वार

THE BIKANER NEWS:- बीकानेर, बीकानेर। शहर में बिजली चोरी रोकने और अवैध कनेक्शन काटने गई बीकेईएसएल (BKESL) की टीम के एक कनिष्ठ अभियंता (JEN) पर तलवार से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में जेईएन घायल हो गए हैं, जिन्हें पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में ले जाया गया है।

क्या है पूरा मामला?
अब तक मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को एईएन डी-5 आशित कुमार शाह के नेतृत्व में बीकेईएसएल की टीम गैरसरियान और पठानों के मोहल्ले में बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। वहां करीब 20 घरों में अवैध रूप से हुकिंग कर बिजली चोरी की जा रही थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए ये अवैध कनेक्शन काट दिए।
धमकी के बाद किया हमला
अवैध कनेक्शन कटने से नाराज आरोपी अकबर ने दिन में करीब 2:43 बजे जेईएन लक्ष्मण चौधरी को फोन कर जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी अपने साथियों के साथ कंपनी के पवनपुरी स्थित ऑफिस भी पहुंचा और वहां भी अधिकारियों को धमकाया।
सरेराह तलवार से वार
शाम करीब 4:30 बजे जब जेईएन लक्ष्मण अपनी बाइक पर सवार होकर पुराने रोशनीघर की तरफ जा रहे थे, तभी भाटी पान पैलेस के पास एक ऑटो में सवार होकर आए अकबर, शौकत और दो अन्य लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने जेईएन पर तलवार से वार कर दिए, जिससे वे घायल हो गए।
एक आरोपी डिटेन
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल जेईएन को तुरंत पीबीएम अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शौकत नाम के एक व्यक्ति को डिटेन किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।





































