बीकानेर: SBI में गोल्ड लोन के नाम पर बड़ा धोखाधड़ी,ज्वेलर और महिला पर केस दर्ज

THE BIKANER NEWS:- बीकानेर।शहर के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की गोगागेट ब्रांच में गोल्ड लोन के नाम पर बैंक के साथ धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला और ज्वेलर की मिलीभगत से सोने का वजन बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया और बैंक से लाखों रुपये का लोन ले लिया गया। मामले का खुलासा होने पर बैंक मैनेजर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।

क्या है पूरा मामला?
SBI गोगागेट ब्रांच के मैनेजर प्रमोद कुमार ने कोटगेट थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के मुताबिक, जेलवेल टंकी क्षेत्र की रहने वाली पिंकी सोनी और जे.के. ज्वैलर्स के ओमप्रकाश सोनी ने बैंक से संपर्क किया था। इन्होंने बैंक में 119 ग्राम सोना गिरवी रखकर 3 लाख 75 हजार रुपये का गोल्ड लोन पास करवा लिया।
जांच में खुली पोल: 119 ग्राम नहीं, सिर्फ 31 ग्राम निकला सोना
बैंक नियमों के तहत जब गिरवी रखे गए सोने की दोबारा जांच की गई, तो बैंक अधिकारी हैरान रह गए। दस्तावेजों में जिस सोने का वजन 119 ग्राम बताया गया था, वह जांच में महज 31 ग्राम ही निकला।
असेसमेंट रिपोर्ट में भी फर्जीवाड़ा
आरोप है कि जे.के. ज्वैलर्स के ओमप्रकाश सोनी ने ही इस गोल्ड लोन का ‘असेसमेंट’ (मूल्यांकन) किया था। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में सोने की कीमत 5 लाख 10 हजार 899 रुपये बताई थी, जबकि वास्तविकता में सोने की कीमत और वजन दोनों ही इससे काफी कम थे।
पुलिस कर रही जांच
बैंक की शिकायत के आधार पर कोटगेट थाना पुलिस ने आरोपी महिला पिंकी सोनी और ज्वेलर ओमप्रकाश सोनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दस्तावेजों और असेसमेंट प्रक्रिया की बारीकी से पड़ताल कर रही है।





































