बीकानेर बन्द के बीच स्कूलों को लेकर आई बड़ी खबर

बीकानेर। खेजड़ी बचाओ आंदोलन के तहत सोमवार को बीकानेर बंद की घोषणा के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। पर्यावरण प्रेमियों की अपील पर कई व्यापारिक संगठनों ने बंद को समर्थन दिया, जिससे शहर के बाजारों और व्यावसायिक गतिविधियों पर असर देखने को मिला।
स्थिति को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) ने शहरी क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में लंच टाइम के बाद अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए। यह आदेश रविवार रात करीब साढ़े दस बजे जारी किया गया, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में हलचल मच गई। आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए।
हालांकि यह छुट्टी केवल शहरी क्षेत्र के स्कूलों के लिए लागू की गई है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में सामान्य रूप से कक्षाएं संचालित होंगी।
इधर, बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।




































