बड़ी खबर:-पब्लिक पार्क में रूह कपा देने वाला हादसा,रेलिंग से लटकता मिला बालिका का शव,मचा हड़कंप

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले पब्लिक पार्क स्थित सरस्वती मंदिर के पास शनिवार को एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया। यहाँ रेलिंग से लटकता एक नाबालिग बालिका का शव मिलने से हड़कंप मच गया है, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बालिका की मौत रेलिंग कूदकर पार करने के प्रयास में दुर्घटनावश गला घुटने से हुई है। मृतक बालिका फुटपाथ पर सामान बेचने वाले एक परिवार की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बालिका सरस्वती मंदिर के पास लगी लोहे की ऊँची रेलिंग को कूदकर पार करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान उसकी चुन्नी रेलिंग के तीखे ऊपरी हिस्से में फंस गई। बालिका का संतुलन बिगड़ने और नीचे की ओर भार बढ़ने से चुन्नी उसके गले में फंदा बन गई, जिससे दम घुटने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पब्लिक पार्क में टहल रहे लोगों ने जब बालिका के शव को रेलिंग से लटकता देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुँची।पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद शव को रेलिंग से नीचे उतारा, पुलिस की निगरानी में शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहाँ पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जाएगी।हादसे की जानकारी मिलते ही फुटपाथ पर जीवनयापन करने वाले बालिका के परिवार में मातम छा गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण संयोग था, जहाँ एक छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हुई। फिलहाल सदर थाना पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।





































