बीकानेर:-जल संकट गहराया, बिना उपकरण पहुंची PHED टीम


THE BIKANER NEWS:/बीकानेर, 26 मई।दफ्तरी बाहेती चौक स्थित चौधरी फोटोग्राफर गली में लंबे समय से जारी जल संकट को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त है। लगातार शिकायतों के बावजूद जलदाय विभाग समस्या का स्थायी समाधान करने में असफल नजर आ रहा है।
क्षेत्र के समाजसेवी एवं जन जागृति युवा संगठन के संयोजक उमेश कुमार चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में पिछले लंबे समय से अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे आमजन, महिलाएं एवं बुजुर्ग गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 24 मई को विभागीय जेईएन द्वारा तथा 25 मई को जेईएन बबिता सोनी लगभग 15 सदस्यीय टीम के साथ मौके पर पहुंचीं, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से पानी का प्रेशर जांचने पहुंची टीम के पास कोई प्रेशर गेज अथवा तकनीकी उपकरण मौजूद नहीं था।
क्षेत्र के अंतिम छोर चौधरी फोटोग्राफर गली में नल खोलकर जांच की गई, जहां मौके पर मौजूद जेईएन बबिता सोनी एवं पूरी टीम को टेल पर पानी की एक बूंद तक नहीं मिली। इसके बावजूद बिना किसी तकनीकी माप उपकरण के केवल औपचारिक निरीक्षण कर लौट जाना विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
क्षेत्रवासी नमन चौधरी ने सवाल उठाया कि जब विभाग के पास मूलभूत जांच उपकरण ही उपलब्ध नहीं हैं, तो आम उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान आखिर कैसे होगा।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि विभाग प्रेशर गेज एवं आवश्यक तकनीकी उपकरणों के साथ पुनः मौके पर जांच करे तथा चौधरी फोटोग्राफर गली के अंतिम छोर तक नियमित एवं पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करे।






































