Bikaner:-घर में घुसकर बुजुर्ग महिला पर चाकू से हमला, गला कटने से गंभीर घायल,इलाके में दहशत का माहौल

THE BIKANER NEWS:-। बीकानेर जिले के लूणकरणसर नगरपालिका क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला पर चाकू से जानलेवा हमले का गंभीर मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 29 में गर्ल्स स्कूल के पीछे स्थित एक घर में घुसे अज्ञात युवक ने बुजुर्ग महिला पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला का गला कटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद परिजन घायल महिला को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती करवाया गया। दिनदहाड़े घर में घुसकर हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही लूणकरणसर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
वहीं, घटना की सूचना मिलने पर महिपाल सिंह लाखाऊ सहित टाइगर फोर्स की टीम भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली।
क्षेत्र में भय का माहौल
घर में घुसकर बुजुर्ग महिला पर हुए इस हमले ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस की जांच के बाद ही घटना के पीछे के कारणों और आरोपी से जुड़ी जानकारी सामने आ सकेगी।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।




































