बीकानेर में MGSU यूनिवर्सिटी के पास हिस्ट्रीशीटर के अवैध पानी के कारोबार पर पुलिस का प्रहार,गैरकानूनी धंधे से कर रहा था मोटी कमाई


THE BIKANER NEWS:^बीकानेर में शुक्रवार को बीकानेर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 34 मुकदमों के हिस्ट्रीशीटर प्रदीप कुमार नगरासर के अवैध पानी के कारोबार को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर प्रदीप कुमार ने महाराजा गंगा सिंह यूनिवर्सिटी (MGSU) के पास से गुजर रही पानी की मुख्य पाइपलाइन में सेंधमारी कर अवैध कनेक्शन कर रखा था। इसी कनेक्शन के जरिए वह पानी के टैंकर भरकर बेचता था और लंबे समय से इस गैरकानूनी धंधे से मोटी कमाई कर रहा था।

इस अवैध धंधे की भनक लगते ही पुलिस और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से मौके पर खुदाई की और अवैध रूप से जोड़ी गई पाइपलाइन को काट दिया।इस पूरी कार्रवाई के दौरान PHED के एईएन योगेंद्र कुमार और भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
आर्थिक जड़ों पर वार करने की रणनीति
सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का लक्ष्य अब केवल अपराधियों को पकड़ना नहीं है, बल्कि उनके गैरकानूनी धंधों और अवैध कमाई के रास्तों को जड़ से खत्म करना है।
यह पूरी कार्रवाई एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन और एएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के सुपरविजन में संपन्न हुई। बीकानेर पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध जगत के लिए एक सख्त चेतावनी माना जा रहा है कि अब पुलिस का प्रहार सीधा उनकी आर्थिक जड़ों पर होगा




































