शिक्षा विभाग का नया कैलेंडर जारी: स्कूलों के नए सत्र (2026-27) में छुट्टियों और परीक्षाओं में हुए बड़े बदलाव


THE BIKANER NEWS:-राजस्थान:;प्रदेश में आज (1 अप्रैल) से स्कूलों का नया शैक्षिक सत्र शुरू हो गया है। इसके साथ ही शिक्षा विभाग ने सत्र 2026-27 का नया कैलेंडर जारी कर दिया है। इस बार छुट्टियों, परीक्षाओं के शेड्यूल और स्कूलों के रोजमर्रा के नियमों में कई अहम बदलाव किए गए हैं। इस सत्र में सबसे ज्यादा फोकस डिजिटल एजुकेशन पर रहेगा।

यहाँ जानिए नए कैलेंडर की मुख्य बातें:
1. साल भर का लेखा-जोखा (School Days & Holidays)
- कुल स्कूल के दिन: इस सत्र में स्कूल पूरे 244 दिन खुलेंगे।
- कुल छुट्टियां: पूरे साल में 121 दिन की छुट्टियां रहेंगी (इनमें 52 रविवार और 69 अन्य सरकारी/त्योहारी अवकाश शामिल हैं)।
- महीने के हिसाब से: सबसे ज्यादा स्कूल जुलाई (27 दिन) में लगेंगे। वहीं सबसे कम स्कूल जून (7 दिन) और नवंबर (14 दिन) में खुलेंगे।
2. छुट्टियों के नियमों में बड़े बदलाव
- गर्मी की छुट्टियां: पहले स्कूल 1 जुलाई को खुलते थे, लेकिन अब गर्मी की छुट्टियां 17 मई से 20 जून तक ही रहेंगी। 21 जून को रविवार होने के कारण स्कूल अब 22 जून को खुल जाएंगे।
- दीपावली अवकाश: इस बार दीपावली की छुट्टियां 11 दिन की कर दी गई हैं, जो 4 से 15 नवंबर तक रहेंगी।
- सर्दी की छुट्टियां: शीतकालीन अवकाश 1 से 10 जनवरी तक रहेगा।
- प्रिंसिपल पावर की छुट्टी: पहले प्रिंसिपल को अपने स्तर पर 2 छुट्टियां करने का अधिकार था, जिसे अब घटाकर 1 दिन कर दिया गया है।
3. जयंती और विशेष आयोजनों के नियम बदले
अब स्कूलों में जयंती या ‘स्पेशल डे’ पर होने वाले इवेंट की वजह से पढ़ाई का नुकसान नहीं होगा। पहले ऐसे आयोजन चौथे पीरियड तक (हाफ डे) चलते थे, लेकिन नए नियमों के अनुसार अब ये कार्यक्रम केवल प्रार्थना सभा या फर्स्ट पीरियड तक ही सीमित रहेंगे। इसके बाद पूरे दिन नियमित कक्षाएं लगाई जाएंगी।
4. ये रहेगा परीक्षाओं का नया शेड्यूल
शिक्षा विभाग ने साल भर होने वाले टेस्ट और वार्षिक परीक्षाओं का शेड्यूल भी तय कर दिया है:
- फर्स्ट टेस्ट: 13 से 15 मई
- सेकंड टेस्ट: 17 से 19 अगस्त
- हाफ ईयरली (अर्द्धवार्षिक): 15 से 29 अक्टूबर
- थर्ड टेस्ट: 17 से 19 नवंबर
- ईयरली (वार्षिक): 8 से 20 मार्च
रिजल्ट की तारीख: वार्षिक परीक्षाएं मार्च में पूरी करवाकर 25 मार्च तक सभी स्कूलों को रिजल्ट भी घोषित करना होगा।





































