बड़ी वारदात, पुलिसकर्मी के घर को चोरों ने बनाया निशाना,करीब 30 तोला सोना,चांदी के जेवर और नकदी पार


THE BIKANER NEWS:-खाजूवाला: कस्बे की तावणिया कॉलोनी में एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है। यहाँ बेखौफ चोरों ने खाजूवाला थाने में ही तैनात पुलिस ड्राइवर मुकेश गोदारा के सूने मकान पर धावा बोलकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिसकर्मी के घर हुई इस बड़ी चोरी से इलाके में हड़कंप मच गया है।

शादी समारोह में गया था परिवार, तीन दिन से बंद था घर
जानकारी के अनुसार, पुलिसकर्मी मुकेश गोदारा का पूरा परिवार किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था। पिछले तीन दिनों से घर पर ताला लगा हुआ था। सूने घर का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। चोरों ने इत्मीनान से घर के चप्पे-चप्पे को खंगाला और घर में रखा करीब 30 तोला सोना, चांदी के कीमती जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।
पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे मौके पर
एक पुलिसकर्मी के ही घर में इतनी बड़ी वारदात होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। घटना की इत्तला मिलते ही खाजूवाला डीवाईएसपी (DYSP) अमरजीत चावला और थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया।
डॉग स्क्वॉड और एमओबी (MOB) टीम जुटा रही सुराग
चोरों तक पहुँचने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। मौके से अहम साक्ष्य और फिंगरप्रिंट जुटाने के लिए डॉग स्क्वॉड (Dog Squad) और एमओबी (MOB) टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है।
चोरों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। डीवाईएसपी अमरजीत चावला के निर्देशन में चोरों की धरपकड़ के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।





































