बीकानेर: मीटर बदलने के लिए पुलिस की किलेबंदी! नथानियों की सराय में BKESL और स्थानीय लोगों में बवाल

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर के अंदरूनी इलाके नयाशहर थाना क्षेत्र की नथानियों की सराय में गुरुवार दोपहर उस वक्त भारी हंगामा हो गया, जब निजी बिजली कंपनी बीकेईएसएल (BKESL) की टीम मीटर बदलने पहुंची। इस सामान्य सी प्रक्रिया के लिए कंपनी अपने साथ पुलिस का इतना भारी जाब्ता लेकर आई थी कि पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। इसी बात और सही मीटर जबरन बदलने को लेकर स्थानीय लोगों और कंपनी कर्मचारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।

इस घटनाक्रम ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर एक शांतिप्रिय शहर के परकोटे की गलियों में महज मीटर बदलने के लिए पुलिस का इतना भारी-भरकम जाब्ता क्यों तैनात किया गया?
पुलिस की किलेबंदी और जनता के सवाल
स्थानीय लोगो ने बताया कि जब बीकेईएसएल के अधिकारी और कर्मचारी मीटर बदलने सराय पहुंचे, तो उनके साथ नयाशहर थाना पुलिस का भारी जाब्ता था। हालात यह थे कि सराय की तरफ आने वाली गलियों पर पुलिस की गाड़ियां खड़ी कर दी गई थीं और इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया था।,जनता का कहना है कि ऐसा क्या था जो इस तरह से भारी मात्रा में पुलिस द्वारा सराय की तरफ आने वाली सभी गलियों को घेर लिया गया था,क्या यहां पर गुंडे-बदमाशो के घर है,निजी बिजली कंपनी के इस रवैए से हमारी छवि खराब हुई है।
जैसे ही स्थानीय लोग वहां इकट्ठा हुए, नयाशहर और सिटी कोतवाली के SHO तुरंत मौके पर पहुंच गए। थोड़ी ही देर में बीकानेर CO अनुज डाल भी वहां आ गए। स्थानीय लोगों का प्रशासन से सीधा सवाल है कि बीकानेर जैसे शहर में, जहां अमूमन ऐसी अप्रिय घटनाएं नहीं होती हैं, वहां कंपनी द्वारा इतनी भारी मात्रा में पुलिस फोर्स लाने का क्या औचित्य था?
सही मीटर जबरन बदलने पर भड़का आक्रोश, अभद्रता का आरोप
मामला तब और गरमा गया जब स्थानीय लोगों ने अपने घरों के चालू और सही मीटरों को बदलवाने से मना कर दिया, लेकिन बिजली कंपनी के अधिकारी उन्हें जबरन बदलने पर अड़े रहे। इसके बाद देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। पुलिस की मौजूदगी में ही लोगों ने कंपनी के कर्मचारियों को घेर लिया और धक्का-मुक्की व हाथापाई शुरू हो गई। स्थानीय लोगों का गंभीर आरोप है कि इस दौरान बिजली कंपनी के लोगों ने एक महिला और एक बच्ची के साथ भी अभद्रता की।
आमने-सामने हुए कर्मचारी और लोग
स्थिति तनावपूर्ण होने पर कंपनी की ओर से दो-तीन गाड़ियों में और अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बीकेईएसएल के 50 से ज्यादा कर्मचारी और स्थानीय लोग आमने-सामने हो गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी स्थिति को संभालने और बीच-बचाव करने में लगे रहे।
फिलहाल शांति, FIR दर्ज नहीं
शाम होते-होते यह पूरा बवाल शांत हो गया और स्थिति सामान्य हो गई। इस पूरे घटनाक्रम के बाद बीकेईएसएल कंपनी की ओर से फिलहाल कोई FIR दर्ज नहीं करवाई गई है। अब शहरवासियों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन और कंपनी इस मामले को कैसे सुलझाते हैं।
– रिपोर्ट: मनोज व्यास (द बीकानेर न्यूज़)





































