Bikaner:घने कोहरे का कहर,बस और पिकअप की भीषण भिड़ंत,बस के नीचे फंसी पिकअप, जेसीबी से निकाला गया चालक

THE BIKANER NEWS:;बीकानेर:
बीकानेर जिले में मंगलवार की सुबह घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।
जिले के बज्जू के समीप श्रीकोलायत थाना क्षेत्र में एक निजी बस और पिकअप वाहन के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह से बस के नीचे घुस गया, जिससे पिकअप चालक करीब एक घंटे तक उसमें फंसा रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 8 बजे की है। ‘करणी बस’ मेड़ी का मगरा से बीकानेर की तरफ जा रही थी, तभी बीठनोक-गड़ियाला मार्ग पर सामने से आ रही कीटनाशक से भरी एक पिकअप से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। घने कोहरे के कारण दृश्यता (visibility) कम थी, जिस वजह से दोनों चालक एक-दूसरे को देख नहीं पाए।
हादसे के बाद पिकअप का केबिन बुरी तरह पिचक गया और बस के नीचे फंस गया। पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। जब चालक को सामान्य तरीके से बाहर नहीं निकाला जा सका, तो जेसीबी मशीन मंगवाई गई। जेसीबी की मदद से बस को ऊपर उठाकर पीछे किया गया, तब जाकर कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकाला जा सका।
घायल चालक की पहचान नोखा के गजरूपदेसर निवासी महेश कस्वां के रूप में हुई है। उसे गोविंदसर सरपंच प्रतिनिधि सताराम कुमावत ने तुरंत श्रीकोलायत उपजिला अस्पताल पहुँचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल महेश के पैर और छाती में अंदरूनी चोटें आई हैं, हालांकि वह होश में है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बीकानेर के पीबीएम (PBM) ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज जारी है।




































