पुष्करणा सावे पर ‘टीम धरणीधर’ का नेककार्य,हर समाज की कन्या को उपहार स्वरूप देंगी 25 हजार कीमत की राशन किट

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर:बीकानेर में 10 फरवरी को होने वाले ऐतिहासिक पुष्करणा सावे (सामूहिक विवाह) के अवसर पर ‘टीम धरणीधर’ ने मानवता और सहयोग की एक बड़ी मिसाल पेश कर रहा है। इस दिन बीकानेर शहरी क्षेत्र में केवल पुष्करणा समाज ही नहीं, बल्कि किसी भी समाज की कन्या का विवाह होने पर उसे टीम की तरफ से विशेष सहयोग दिया जाएगा

टीम धरणीधर की तरफ से इस दिन (10 फरवरी) को शादी करने वाले परिवारों को 25 हजार रुपये की कीमत का राशन किट उपहार स्वरूप दिया जाएगा, ताकि परिवार पर आर्थिक बोझ कम हो सके।
राशन किट में क्या-क्या मिलेगा?
टीम धरणीधर द्वारा तैयार किए गए इस विशेष किट में गृहस्थी का पूरा सामान शामिल है:
- देशी घी का 1 टीन
- मूंगफली तेल के 2 टीन
- 50 किलो आटा
- 50 किलो चीनी
- 15 किलो मूंग दाल और 15 किलो मोगर
- 2 किलो मैदा, 5 किलो चावल
- 1 किलो बड़ी, 1 किलो बाट
- मसाले: 1 किलो लाल मिर्च, आधा किलो धनिया, 250 ग्राम हल्दी
- 20 किलो आलू
- एक साड़ी
6 फरवरी से शुरू होगा वितरण
टीम धरणीधर के सेक्रेटरी दुर्गाशंकर आचार्य ने बताया कि राशन किट का वितरण 6 फरवरी से धरणीधर मैदान से शुरू किया जाएगा। इसके लिए परिवार को विवाह का कार्ड और आधार कार्ड धरणीधर मंदिर के पुजारी के पास जमा करवाना होगा। अब तक 103 कन्याओं के विवाह कार्ड टीम के पास आ चुके हैं।
सरकारी कर्मचारियों को नहीं मिलेगा लाभ
आनंद जोशी ने स्पष्ट किया कि यह सहायता केवल जरूरतमंद परिवारों के लिए है। यह सुनिश्चित करने के लिए कुछ नियम बनाए गए हैं, जिसके तहत जिन परिवारों में कोई सरकारी कर्मचारी है, उन्हें इस योजना से दूर रखा गया है।
19 साल पुरानी परंपरा
कन्या पक्ष के लिए सहयोग का यह अभियान पिछले 19 सालों से चल रहा है। पूर्व सरपंच और समाजसेवी रामकिशन आचार्य के नेतृत्व में पहले यह टीम पूनरासर बालाजी मेले में भोजन सेवा देती थी, जिसे बाद में कन्या विवाह सहयोग में बदल दिया गया।
ये रहे हैं सहयोगी
इस पुनीत कार्य में पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, रामकिशन आचार्य, उद्योगपति राजेश चूरा, भंवर पुरोहित, जगमोहन आचार्य सहित 25 सदस्यों की टीम और युवा कार्यकर्ता पूरी शिद्दत से जुटे हुए हैं। सारा सामान जनसहयोग से एकत्रित किया गया है।




































