बीकानेर में प्रतिबंधित प्लास्टिक बनाने वाली फैक्ट्री की सूचना दें और पाएं 15 हजार का इनाम, नाम रखा जाएगा गुप्त

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 30 दिसंबर।अगर आपके पास प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग्स या सिंगल यूज प्लास्टिक बनाने वाली किसी फैक्ट्री की जानकारी है, तो यह सूचना आपको 15 हजार रुपये का इनाम दिला सकती है। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल ने प्लास्टिक पर प्रभावी रोक लगाने और आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए इस वित्तीय प्रोत्साहन योजना की शुरुआत की है।

यहाँ दे सकते हैं सूचना
राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी राजकुमार मीणा ने बताया कि आमजन ऐसी किसी भी अवैध विनिर्माण इकाई की सूचना इन माध्यमों से दे सकते हैं:
- मोबाइल नंबर: 8723058586
- ईमेल: ro.bikaner@gmail.com
- व्यक्तिगत रूप से: क्षेत्रीय कार्यालय, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल, बीकानेर।
पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा इनाम
अधिकारी श्री मीणा ने स्पष्ट किया कि यह प्रोत्साहन राशि एक इकाई के लिए सिर्फ एक बार और ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर दी जाएगी। विभाग को सूचना मिलने के बाद उसकी गोपनीयता बनाए रखते हुए सत्यापन (Verification) कराया जाएगा। यदि सूचना सही पाई जाती है और वहां प्रतिबंधित प्लास्टिक का निर्माण होता मिला, तो सूचना देने वाले को 15,000 रुपये की राशि दी जाएगी।
सख्त है प्रतिबंध
गौरतलब है कि राज्य और केंद्र सरकार ने प्लास्टिक कैरी बैग्स और चिन्हित सिंगल यूज प्लास्टिक के निर्माण, आयात, भंडारण, वितरण और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। विभाग द्वारा लगातार छापेमारी और कार्रवाई के बावजूद चोरी-छिपे हो रहे निर्माण को रोकने के लिए अब जनता को इस मुहिम से जोड़ा जा रहा है, ताकि प्लास्टिक मुक्त बीकानेर का संकल्प पूरा हो सके।





































