Rajasthan weather:-आगामी दो दिन बीकानेर सहित इन जिलों में तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश का अलर्ट


THE BIKANER NEWS:-राजस्थान:-पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से राजस्थान के मौसम में अचानक बदलाव।
बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और जालोर सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश।
तापमान में 2 से 9 डिग्री तक की भारी गिरावट,
मौसम विभाग का 19 और 20 मार्च को सर्वाधिक असर रहने का अलर्ट।
बीकानेर में सुबह से रिमझिम बारिश, ठिठुरे स्कूली बच्चे
मौसम विभाग की चेतावनी के बिल्कुल अनुरूप बीकानेर में मौसम ने करवट ली है। आज सुबह 6 बजे से ही शहर में रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया, जो लगातार जारी रहा। अचानक तापमान गिरने से मार्च के महीने में फिर से सर्दी लौट आई है और लोगों को मजबूरन गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। सबसे ज्यादा परेशानी उन नन्हें-मुन्ने बच्चों को हुई, जिन्हें इस ठंडी हवा के बीच परीक्षा देने स्कूल जाना पड़ा।
शहर के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में भी जमकर बदरा बरस रहे हैं। नोखा में सुबह से सड़कें पानी से तरबतर दिखीं, वहीं महाजन, लूणकरणसर और खाजूवाला में भी तड़के से बारिश का दौर शुरू हो गया। हालांकि अभी तक ओलावृष्टि की खबर नहीं है, लेकिन आसमान पर घने बादलों का कब्ज़ा है और शाम तक तेज बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
प्रदेश के अन्य जिलों का हाल और फसलों को नुकसान
बदले मौसम का असर पूरे राजस्थान लमें देखने को मिल रहा है:
जैसलमेर-बाड़मेर: तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है, जिससे खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
सीकर: यहां गिरे ओलों के कारण इलाके में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।
जयपुर: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और नए वेदर सिस्टम के असर से राजधानी में लगातार दूसरे दिन सुबह से बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं।
बुधवार को भी 5 से ज्यादा जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई थी।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने इस पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर 19 और 20 मार्च को रहने की संभावना जताई है।
अलर्ट: गुरुवार को डूंगरपुर और बांसवाड़ा को छोड़कर पूरे राजस्थान में ‘येलो अलर्ट’ और 9 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
चेतावनी: 19 मार्च को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने, मेघगर्जन होने और बारिश की प्रबल संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है।




































