बीकानेर में ज्वैलरी शोरूम पर बड़ी चोरी, लाखों के सोना-चांदी व हीरे लेकर फरार चोर

मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र में चोरों ने बेखौफ होकर एक ज्वैलरी शोरूम को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूगल रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास स्थित हिमानी ज्वैलर्स में देर रात करीब ढाई बजे अज्ञात चोर शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कीमती आभूषणों व नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए।
दुकान मालिक महेन्द्र सोनी पुत्र रतनलाल सोनी को घटना की जानकारी पड़ोसी के फोन के जरिए मिली। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, जहां दुकान के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और लोहे की अलमारी टूटी हुई मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोर सोने-चांदी और हीरे के बहुमूल्य आभूषण समेटकर ले गए।
चोरी गए सामान में करणी माता की हीरे जड़ी सोने की मूर्ति, करीब सात जोड़ी सोने की लौंग, लगभग 140 कैरेट की डायमंड पोल्की, चांदी के सिक्के, गल्ले में रखी नकदी के साथ एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल बताए जा रहे हैं। चोरी की कुल राशि का आकलन लाखों रुपये में किया जा रहा है।
घटना की सूचना पर मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि चोरों का सुराग मिल सके। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।






































