पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹500 के 348 नकली नोट जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने नकली नोटों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹500 के जाली नोटों की बड़ी खेप जब्त की है। यह कार्रवाई थानाधिकारी कश्यप सिंह के निर्देशन में की गई, जिसमें गांव बाना क्षेत्र से एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नकली नोट लेकर सप्लाई करने जा रहा है। सूचना के आधार पर एसआई मोहनलाल कड़वासरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ऊपनी मार्ग पर एक खेत के पास नाकाबंदी की। संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से ₹500-₹500 के कुल 348 नकली नोट बरामद किए गए। जब्त नकली नोटों की कुल कीमत ₹1 लाख 74 हजार बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान गंगाजल पुत्र उगमाराम जाट के रूप में की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नकली नोट कहां से लाए गए और इन्हें किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।





































