शहर के सबसे व्यस्त केईएम रोड स्थित दुकान में लगी

THE BIKANER NEWS:;बीकानेर।शहर के ह्रदय स्थल और सबसे व्यस्ततम व्यापारिक क्षेत्र केईएम रोड (KEM Road) से शनिवार दोपहर एक बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ स्थित प्रसिद्ध ‘अग्रवाल नमकीन भंडार’ में अचानक आग लग गई, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग प्रतिष्ठान की ऊपरी मंजिल पर लगी, जहाँ नमकीन बनाने का काम होता है।

धुएं का गुबार देख मची भगदड़
घटना के वक्त ऊपरी मंजिल पर कारीगर काम कर रहे थे। अचानक आग की लपटें और धुएं का गहरा गुबार उठता देख कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। वे जान बचाने के लिए तुरंत नीचे की तरफ भागे। आनन-फानन में पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
गैस सिलेंडर हटाकर टाला बड़ा संकट
जिस जगह आग लगी, वहां नमकीन तैयार करने के लिए गैस सिलेंडर और अन्य ज्वलनशील उपकरण रखे हुए थे। आग अगर इन सिलेंडरों तक पहुँच जाती, तो केईएम रोड जैसे घनी आबादी वाले इलाके में बड़ा विस्फोट हो सकता था।
हालांकि, वहां मौजूद कर्मचारियों ने गजब की हिम्मत दिखाई और अपनी जान की परवाह न करते हुए जलती हुई इमारत से एक-एक करके गैस सिलेंडरों को बाहर निकाल दिया। उनकी इस सूझबूझ ने आग को विकराल रूप लेने और एक बड़े हादसे को होने से रोक दिया।
आग बुझाने के प्रयास जारी
फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीम कड़ी मशक्कत के साथ आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई है और स्थानीय लोग भी प्रशासन की हर संभव मदद कर रहे हैं।





































