कोटगेट पुलिस की बड़ी कार्यवाही, अपराधियों की करवाई परेड

बीकानेर। शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कोट गेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराधियों की सार्वजनिक परेड करवाई। यह परेड कोट गेट से फड़ बाजार तक निकाली गई, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा और अपराधियों में पुलिस का भय कायम हो सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार परेड में शामिल अपराधी लूट, हत्या, मारपीट सहित कई संगीन मामलों में लिप्त बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान कोट गेट थाना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहे और उनके साथ पुलिस के जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
पुलिस की इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में हलचल रही और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाइयों का उद्देश्य अपराध पर अंकुश लगाना और आम जनता को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है। आगे भी असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।





































