करमीसर मार्ग पर महिला से मंगलसूत्र लूट, बाइक सवार बदमाश फरार

बीकानेर। नाल थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। करमीसर से बच्छासर जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार करमीसर निवासी माधुरी देवी अपनी पुत्री के साथ सती माता मंदिर के दर्शन कर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान सामने से बाइक पर आए दो युवकों ने अचानक महिला के पास आकर गले पर झपट्टा मारा और मंगलसूत्र छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद मां-बेटी ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी नजरों से ओझल हो चुके थे। मामले को लेकर करमीसर निवासी कालूराम जाट ने नाल थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार कुछ फुटेज में दो संदिग्ध युवक बाइक पर भागते हुए दिखाई दिए हैं।
मामले की जांच एएसआई सुभाषचंद्र यादव को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।





































