रामदेवरा से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार की बस से टक्कर,पांच घायल पीबीएम में भर्ती

बीकानेर। जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग–62 पर किस्तूरिया गांव के पास घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कम दृश्यता के चलते बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार पांच श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायलों की पहचान पंजाब के अमरकोट निवासी गंगाराम, मंजीत, उषा देवी, महेंद्र पाल और तुलछा देवी के रूप में हुई है। सभी रामदेवरा दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे सड़क पर दृश्यता बेहद कम हो गई थी। इसी दौरान किस्तूरिया गांव के पास सामने से आ रही बस और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात सुचारु करवाया।
डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों का इलाज जारी है, जिनमें दो की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।





































