Breaking:-कोटगेट पुलिस की बड़ी कार्रवाई,बिना वैध दस्तावेजों के रह रही दो विदेशी महिलाएं गिरफ्तार,मकान मालिक पर भी केस दर्ज

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर।
जिले की कोटगेट थाना पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। ये दोनों महिलाएं रानी बाजार स्थित एक किराए के मकान में बिना वैध वीजा और जरूरी दस्तावेजों के रह रही थीं।

क्या है पूरा मामला?
कोटगेट थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रानी बाजार इलाके के एक मकान में दो विदेशी महिलाएं रुकी हुई हैं। इस पर पुलिस ने रात करीब 10 बजे मकान पर दबिश दी। जांच के दौरान यह सामने आया कि दोनों महिलाएं भारत में रहने से संबंधित नियमों का पालन नहीं कर रही थीं और उनके पास अनिवार्य ‘सी-फॉर्म’ (C-Form) व अन्य वैध दस्तावेज भी नहीं मिले।
उज्बेकिस्तान और कजाकिस्तान की हैं महिलाएं
पकड़ी गई महिलाओं की पहचान नरगिज़ा कुर्बोनोवा (निवासी उज्बेकिस्तान) और तुयचिएवा निलुफर (निवासी कजाकिस्तान) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पासपोर्ट जब्त कर लिए हैं और उच्चाधिकारियों को मामले की रिपोर्ट भेज दी है।
मकान मालिक की लापरवाही पर भी कार्रवाई
पुलिस ने मकान मालिक बाबूलाल (निवासी रोचक और सीकर) के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। नियमों के मुताबिक, किसी भी विदेशी नागरिक को मकान किराए पर देने से पहले पुलिस या प्रशासन को सूचना देना और ऑनलाइन सी-फॉर्म जमा करवाना अनिवार्य है, लेकिन मकान मालिक ने ऐसा नहीं किया। इसे विदेशी विषयक अधिनियम का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की गई है।





































