Breaking:-‘ममता’ के नाम पर सौदा,एसीबी की टीम ने GNM को रंगे हाथों दबोचा

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 30 जनवरी (शुक्रवार)।बीकानेर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को भ्रष्ट सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ अपनी मुहिम जारी रखते हुए एक और बड़ी कार्रवाई की है।

एसीबी ने जिले के श्रीडूंगरगढ़ तहसील के तोलियासर गांव में कार्रवाई करते हुए एक जीएनएम (GNM) को 1500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपी स्वास्थ्यकर्मी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की एवज में गरीब मरीज के परिजनों से अवैध वसूली कर रहा था।
क्या है पूरा मामला?
एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, मामला श्रीडूंगरगढ़ के तोलियासर गांव स्थित स्वास्थ्य केंद्र का है। एक परिवादी ने ब्यूरो में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वहां कार्यरत जीएनएम रेखा उससे एक पुरानी डिलीवरी की ऑनलाइन एंट्री करने और ममता कार्ड (Mamta Card) से जुड़े कार्य को पूरा करने के लिए रिश्वत मांग रहा है।
सरकारी काम के बदले पैसे मांगने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसीबी ने गोपनीय तरीके से इसका सत्यापन करवाया। सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद शुक्रवार को ट्रैप की योजना बनाई गई।
हाथ धुलवाते ही सच आया सामने
शुक्रवार को एसीबी सीआई जय कुमार के नेतृत्व में टीम तोलियासर पहुंची। योजना के मुताबिक, जैसे ही जीएनएम ने परिवादी से 1500 रुपए की रिश्वत राशि ली, पास ही मौजूद एसीबी टीम ने उसे दबोच लिया। मौके पर ही जब आरोपी के हाथ धुलवाए गए, तो वे गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने का ठोस सबूत मिल गया।
डीआईजी के निर्देश पर कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई एसीबी डीआईजी भुवन भूषण यादव के निर्देशन में हुई।





































