Bikaner:-उत्कृष्ट सेवाओं के लिए थानाधिकारी को मिलेगा सम्मान,एक करोड़ की लूट का किया था खुलासा

THE BIKANER NEWS:- बीकानेर:- (CI) विकास बिश्नोई को उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और प्रोफेशनल पुलिसिंग के लिए पुलिस विभाग के प्रतिष्ठित ‘डीजीपी डिस्क’ (DGP Disc) सम्मान से नवाजा गया है। यह दूसरी बार है जब विकास बिश्नोई को उनकी बेहतरीन सेवाओं के लिए महानिदेशक पुलिस द्वारा यह सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया गया है।

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला सम्मान
पुलिस निरीक्षक विकास बिश्नोई वर्तमान में नाल थाना पुलिस के प्रभारी हैं। पुलिस विभाग ने अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग में उनके बेहतरीन योगदान को देखते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए चुना है। बिश्नोई को यह अवॉर्ड मिलने की खबर से बीकानेर पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
1 करोड़ की डकैती का किया था पर्दाफाश
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में जब विकास बिश्नोई सदर थानाधिकारी के पद पर तैनात थे, तब उन्होंने मिलन ट्रेवल्स में हुई करीब 1 करोड़ रुपये की बड़ी डकैती का सफल खुलासा किया था। अपनी सूझबूझ से उन्होंने न केवल आरोपियों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया था, बल्कि चोरी गए माल की 100 प्रतिशत बरामदगी भी की थी। इस चुनौतीपूर्ण कार्रवाई ने उन्हें पुलिस विभाग में एक अलग पहचान दिलाई थी।
श्रीगंगानगर में नशे पर की थी बड़ी चोट
विकास बिश्नोई को इससे पहले भी डीजीपी डिस्क मिल चुका है। जब वे श्रीगंगानगर जिले के समेजा कोठी में तैनात थे, तब उन्होंने अवैध नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था। उन्होंने एक ही महीने में करीब 30-35 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ पकड़कर तस्करों की कमर तोड़ दी थी। उस समय भी उनके इस कार्य की काफी सराहना हुई थी।





































