बीकानेर:-बहन की सगाई में आए युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, उदासर फांटा के पास की घटना, पुलिस ने किया मामला दर्ज:-देखे वीडियो

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। जिले के व्यास कॉलोनी थाना इलाके में एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक अपनी बहन की सगाई के सिलसिले में बीकानेर आया हुआ था, जहां आरोपियों ने उसे बुलाकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए और उसकी सोने की चेन भी छीन ली।
क्या है पूरा मामला:
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित मोहम्मद तारीक (24), पुत्र सत्तार खान, निवासी नोहर (जिला हनुमानगढ़) ने बताया कि वह अपनी बड़ी बहन सुमाहिला की सगाई के लिए बीकानेर आया था। उसकी बहन की सगाई तिलक नगर निवासी इमरान कलर के साथ तय हुई थी और कार्यक्रम 12 जनवरी को था।
पीड़ित ने बताया कि 13 जनवरी की शाम को नाहिद उर्फ आयुष (निवासी तिलक नगर) ने उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाया। पहले तो पीड़ित ने मना किया, लेकिन रात करीब 9 बजे वह अपने साथी सुफियान के साथ मोटरसाइकिल लेकर मोहर्रम चौकी, उदासर फांटा वाली रोड पर पहुंचा।
गाली-गलौज के बाद निकाले चाकू:
मौके पर नाहिद और उसका एक अन्य साथी पहले से मौजूद थे। वहां पहुंचते ही दोनों पक्षों में बहस और गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोप है कि नाहिद के साथ खड़े लड़के ने सुफियान को पकड़ लिया, और नाहिद ने अपनी कोट में छुपाया हुआ चाकू निकालकर तारीक पर हमला कर दिया।
आरोपी ने पीड़ित के शरीर पर कई जगह चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी उसकी चेन छीनकर मौके से फरार हो गए।
गंभीर हालत में पीबीएम में भर्ती:
घायल तारीक ने अपने जीजा इमरान और भाई शाहरुख को फोन किया, जो उसे तुरंत पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित के बाएं कान के पास, कंधे पर, गाल पर और कमर के ऊपर करीब 5 गहरे घाव हैं, जिन पर टांके आए हैं।

देखे वीडियो👇👇
पुलिस कार्रवाई:
व्यास कॉलोनी पुलिस ने पीड़ित के पर्चा बयान के आधार पर आरोपी नाहिद और उसके साथी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास), 126(2), 307 (लूट/डकैती के दौरान चोट), 115(2) व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उप-निरीक्षक भवानी दान को सौंपी गई है।





































