Bikaner:-इंश्योरेंस के लाखो रुपयो के लिए शख्स ने खुद को मरा बताया,फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज बनाए, जांच में खुली पोल,निगम जांच के घेरे में!

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, बीकानेर में एक युवक ने इंश्योरेंस के रुपये उठाने के लिए खुद को मरा बताया साथ ही नगर निगम से फर्जी तरीके से मृत्यु प्रमाण पत्र और श्मशान से फर्जी दाह संस्कार की रसीद बनाकर कंपनी में दावा भी पेश करवा दिया। आखिरकार जब बैंक ने पड़ताल की तो इंश्योरेंस करवाने वाला व्यक्ति जिंदा निकला। इस बाबत बैंक के लीगल ऑफिसर ने जयनारायण व्यास कॉलोनी में मामला दर्ज करवाया है। थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि मांगीलाल ज्याणी नाम के एक व्यक्ति ने बैंक की इंश्योरेंस कम्पनी का पचास लाख रूपये का टर्म लाईफ इंश्योरेंस रिस्क प्लान लिया। उसकी दो मासिक किश्तें भरी गई। इसके बाद उसके परिचित ने मांगीलाल की मौत होना बताते हुए क्लेम की राशि प्राप्त करने का प्रयास किया। क्लेम दावा पेश किया। इस पर बैंक ने अपने स्तर पर इसकी छानबीन की। उसके घर व अन्य स्थानों पर पता किया गया कि मांगीलाल की मृत्यु कब हुई। इस बारे में क्लेम दावा करने वालों को जानकारी नहीं दी गई। जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि मांगीलाल तो जिंदा है। मांगीलाल के जीवित होने के तमाम प्रमाण एकत्र होने के बाद जयनारायण व्यास कॉलोनी थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई। मांगीलाल ने साथियों के साथ मिलकर अपने नाम से निजी लाईफ इसोरेस कम्पनी से 1221 रूपये मासिक प्रीमियम के आधार पर 50 लाख रुपए का टर्म लाईफ रिस्क इंश्योरेंस प्लान 9 अगस्त 2023 का लिया। इसके बाद उसने 10 अक्टूबर 23 को खुद की मृत्यु होना बताया। फर्जी तरीके से दाह संस्कार की रसीद तैयार करवा ली। परिचीत के माध्यम से नगर निगम बीकानेर में मृत्यु होने के सम्बंध में फर्जी प्रार्थना पत्र पेश करवाकर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करवा लिया। ये मृत्यु प्रमाण पत्र बीमा कम्पनी को पेश किया गया। इसके बाद आरोपी मांगीलाल ज्याणी पुत्र इन्द्राज जाट उम्र 29 साल निवासी 19 जीडी पुलिस थाना नई मण्डी घडसाना जिला श्रीगंगानगर को गिरफ्तार किया गया है।

आखिर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बना कैसे ये भी जांच का विषय है? नगर निगम से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र कैसे जारी हुआ? किन लोगों ने प्रमाण पत्र बनाने के लिए प्रयास किया और कागजात पेश किए। इस मामले में लिप्त मांगीलाल के दोस्तों का पता लगाया जा रहा है। इस मामले में जांच व्यास कॉलोनी पुलिस के एसआई।देवेन्द्र सोनी कर रहे हैं। धोखाधड़ी से कागज बनाने वाले कुछ और लोगों की धरपकड़ हो सकती है।





































