Bikaner crime:-दिन दहाड़े राह चलती महिला का मोबाइल छीनकर भागा बाइक सवार,राहगीरों ने पीछा कर वीडियो बनाया लेकिन हाथ नहीं आया

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर में मोबाइल स्नैचिंग की वारदातें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मरुधरा कॉलोनी स्थित महिला पुलिस थाने के पास का है, जहाँ एक बाइक सवार बदमाश ने पैदल जा रही एक शिक्षिका के हाथ से मोबाइल छीन लिया और फरार हो गया।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता प्रियंका अल्बर्ट रानीबाजार इंडस्ट्रियल एरिया की गली नंबर 5 स्थित कृष्णा एकेडमी में टीचर हैं और व्यास कॉलोनी की रहने वाली हैं। स्कूल की छुट्टी के बाद वह टैक्सी से पवनपुरी रेलवे क्रॉसिंग तक पहुंचीं और वहां से पैदल अपने घर की ओर जा रही थीं।
महिला थाने के पास हुई वारदात
जब प्रियंका मरुधरा कॉलोनी में महिला पुलिस थाने के पास से गुजर रही थीं और मोबाइल हाथ में लेकर चल रही थीं, तभी पीछे से एक बाइक सवार आया। उसने झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया।
राहगीरों ने किया पीछा
युवती के शोर मचाने पर वहां मौजूद राहगीरों ने बाइक सवार का पीछा भी किया और उसका वीडियो भी बना लिया। हालांकि, आरोपी ने अपने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था और वह तेज गति से फरार होने में कामयाब रहा।
जेएनवीसी (JNVC) थाने में रिपोर्ट दर्ज
वारदात के बाद पीड़िता पहले महिला पुलिस थाने पहुंची, जहाँ से उन्हें व्यास कॉलोनी पुलिस थाने (JNVC) भेजा गया। फिलहाल जेएनवीसी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुटी है।





































