Bikaner:-दर्दनाक घटना से क्षेत्र में रोष, बंद रास्ते की वजह से बुजुर्ग को समय पर नही मिला उपचार, रास्ते में ही तोड़ा दम!

THE BIKANER NEWS:- बीकानेर, रविवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। रेलवे द्वारा वर्षों पुराने कटानी रास्ते को बंद कर देने के कारण एक बुजुर्ग को समय पर उपचार नहीं मिल सका और उनकी रास्ते में ही मौत हो गई मृतक की पहचान सीताराम नायक के रूप में हुई है।

मामला श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के दुलचासर गांव का है जहाँ पर ग्रामीणों में रोष है। परिजनों के अनुसार, बुजुर्ग की तबीयत अचानक खराब हुई, जिसके बाद परिजन उन्हें ट्रैक्टर–ट्रॉली से अस्पताल ले जाने निकले। लेकिन रेलवे द्वारा बंद किए गए कटानी मार्ग ने रास्ता रोक दिया। ग्रामीणों ने दूसरी ओर से रास्ता खोजने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सीताराम नायक ने दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों का फूटा आक्रोश,घटना के बाद ग्रामीणों में भारी गुस्सा देखने को मिला। लोगों का कहना है कि दुलचासर से बासी महियान, खरला जोहड़, गोनाना जोहड़, कालछा जाने वाला यह कटानी रास्ता वर्षों से मुख्य आवागमन का मार्ग था।
रेलवे ने बिना वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराए इसे अचानक बंद कर दिया। ग्रामीण कई दिनों से मार्ग खोलने की मांग कर रहे थे, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से अब एक जान चली गई।
पूर्व विधायक महिया मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक गिरधारी लाल महिया मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए तत्काल समाधान की मांग की।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और रेलवे से तुरंत प्रभाव से मार्ग खोलने और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक स्थिति दोबारा न बने।
देखे वीडियो👇👇👇





































