बड़ी खबर: मुकाम पीठाधीश्वर स्वामी रामानंद महाराज की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, नीलगाय को बचाने के प्रयास में हादसा

THE BIKANER NEWS:जसरासर (बीकानेर): बिश्नोई समाज के प्रमुख धार्मिक स्थल मुकाम के पीठाधीश्वर स्वामी रामानंद जी महाराज की गाड़ी बीती रात जसरासर के पास स्टेट हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में स्वामी जी और उनके साथी बाल-बाल बच गए। हालांकि, स्वामी रामानंद जी के एक हाथ में चोट आई है।

नीलगाय के कारण अनियंत्रित हुई गाड़ी
जानकारी के अनुसार, स्वामी रामानंद जी महाराज जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर वापस मुकाम लौट रहे थे। यह मुलाकात ‘खेजड़ी खटाई’ के विरुद्ध कड़े कानून बनाने की मांग को लेकर थी। जैसे ही उनकी गाड़ी जसरासर के पास स्टेट हाईवे पर पहुंची, अचानक सड़क पर एक नीलगाय आ गई। नीलगाय को बचाने के प्रयास में चालक ने गाड़ी का संतुलन खो दिया, जिससे स्कॉर्पियो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी
साथ चल रहे लोगों ने निकाला बाहर
दुर्घटना में गाड़ी काफी क्षतिग्रस्त हो गई है। गाड़ी में स्वामी जी सहित कुल तीन लोग सवार थे। हादसे के वक्त स्वामी जी की गाड़ी के पीछे चल रहे मांगीलाल मंडा, बंधाला सरपंच प्रतिनिधि बस्तीराम खींचड़ और भागीरथ मंडा ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्राथमिक उपचार के बाद आज महापड़ाव में होंगे शामिल
हादसे के तुरंत बाद स्वामी जी को जसरासर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चेकअप और प्राथमिक उपचार के बाद वे मुकाम आश्रम लौट आए। राहत की बात यह है कि हाथ में चोट के अलावा वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। उनके हौसले अब भी बुलंद हैं और तय कार्यक्रम के अनुसार वे आज बीकानेर में आयोजित महापड़ाव में शामिल होंगे।





































