चार मंज़िला अवैध निर्माण मामले ठोस कार्यवाही नही करने के आरोप,पड़ोसी की दीवारों में दरारें,मकान गिरने का खतरा

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, बीकानेर। सदुल कॉलोनी में अवैध निर्माण का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय निवासी अनिल कुमार सोबती ने नगर निगम को लिखित आवेदन के साथ-साथ राजस्थान संपर्क 181 पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि उनके पड़ोसी द्वारा पिछले कई महीनों से चार मंज़िला अवैध भवन निर्माण जारी है।

शिकायतकर्ता के अनुसार निगम ने इस दौरान दो नोटिस जारी किए, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रुका। सोबती ने बताया कि रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी तेज गति से निर्माण कराया जाता है ताकि कोई अधिकारी मौके पर न आए।
अवैध निर्माण के कारण शिकायतकर्ता के घर की दीवारों और नींव में गहरी दरारें पड़ गई हैं, जिससे मकान गिरने का खतरा पैदा हो गया है और परिवार की जान-माल पर संकट मंडरा रहा है। सोबती ने बताया कि वे पिछले चार महीनों से नियमित रूप से निगम कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन न तो निर्माण रोका गया और न ही अवैध भवन को सीज़ करने की कार्रवाई की गई।
शिकायत में उन्होंने अवैध निर्माण से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और वीडियो भी निगम के अधिकारियों—विशेषकर एटीपी सुनील कुमार—को भेजे हैं। सुनील कुमार ने शिकायतकर्ता को बताया कि उन्होंने फाइल उच्च अधिकारियों को भेज दी है, लेकिन मौके पर अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई।
सोबती ने 15 नवंबर को दर्ज रिमाइंडर में विभाग की कार्यशैली पर असंतोष जताया और कहा कि कई महीनों से शिकायत करने के बावजूद भवन को सीज़ नहीं किया गया है। निर्माण 15 नवंबर तक भी जारी रहने की बात कही गई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।





































