बीकानेर में देर रात भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 3 युवकों की दर्दनाक मौत

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। बीकानेर में पलाना और उदयरामसर के बीच जोधपुर हाईवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात भारी वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों मृतक आपस में भाई बताए जा रहे हैं।
मृतकों की पहचान स्वरूपदेसर निवासी चंदाराम, तोलाराम और महेंद्र सिहाग के रूप में हुई है।
रात करीब एक बजे हुआ हादसा
गंगाशहर थानाधिकारी गणेश बिश्नोई के अनुसार हादसा रात करीब एक बजे के आसपास हुआ। तीनों युवक बीकानेर शहर से बाइक पर अपने गांव स्वरूपदेसर लौट रहे थे। इसी दौरान पलाना और उदयरामसर के बीच किसी अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद वाहन चालक फरार
रात का समय होने के कारण हादसे के समय मौके पर कोई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद नहीं था। रास्ते से गुजर रहे एक राहगीर ने घटना की सूचना गंगाशहर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।
PBM मोर्चरी में रखे शव
पुलिस ने तीनों मृतकों के शव बीकानेर के PBM अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए हैं। घटना की सूचना स्वरूपदेसर में परिजनों को दे दी गई, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार, करीब 12 बजे तक शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हादसे के बाद स्वरूपदेसर में शोक का माहौल है।





































