बीकानेर में सीवरेज कंपनी की मनमानी, अधिकारियों की चुप्पी से जनता परेशान

THE BIKANER NEWS.बीकानेर।शहर में सीवरेज कार्य कर रही कंपनी की मनमानी लगातार बढ़ती जा रही है। हालात यह हैं कि कंपनी पर किसी तरह का प्रशासनिक नियंत्रण नजर नहीं आ रहा। जहां-तहां खुदाई कर सड़कों को अव्यवस्थित कर दिया गया है, लेकिन न तो समय पर काम पूरा किया जा रहा है और न ही यातायात व्यवस्था का कोई ध्यान रखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार सियासी पहुंच के चलते कंपनी पर कार्रवाई करने से शहर के जिम्मेदार अधिकारी भी कतराते नजर आ रहे हैं। न तो ठेका रद्द किया जा रहा है और न ही कंपनी को नियमों की पालना के लिए बाध्य किया जा पा रहा है। इसका सीधा खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है।
सोमवार को स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब कंपनी ने बिना पूर्व सूचना अंबेडकर सर्किल पर एक तरफ का रास्ता अचानक बंद कर दिया। इससे चारों ओर करीब आधा किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर पहुंचने वाले कर्मचारियों और मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस तक जाम में फंसी रहीं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खुदाई का काम सड़क के केवल एक हिस्से में चल रहा था, इसके बावजूद पूरी सड़क को बंद कर दिया गया। न तो वैकल्पिक मार्ग की उचित व्यवस्था की गई और न ही मौके पर कोई यातायात कर्मी तैनात था।
आक्रोशित नागरिकों का कहना है कि कंपनी की मनमानी के चलते शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। यदि जल्द ही इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो हालात और बदतर हो सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कंपनी को नियमों के दायरे में लाया जाए और आमजन को राहत दिलाई जाए।



































