एलईडी पोल से टकराकर पलटा कन्टेनर, आग में जलकर चालक की मौत

दौसा। उपखंड क्षेत्र स्थित डूंगरपुर इंटर एक्सचेंज के पास शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। उन्नाव से मुंबई की ओर जा रहा एक कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे लगे एलईडी पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर पलट गया और देखते ही देखते उसके एसी हिस्से में आग भड़क उठी, जिसने पूरे कैंटर को चपेट में ले लिया।

आग लगने से कंटेनर चालक की मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन सीधे एलईडी पोल से जा टकराया और पलट गया। आग की लपटों ने चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं दिया। मृतक की पहचान झांसी निवासी आकाश के रूप में हुई है, जो कंटेनर चला रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे में कंटेनर में मौजूद किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है।
हादसे के बाद हाईवे पर गिरे एलईडी पोल को हटाने का कार्य किया गया और कंटेनर को सड़क किनारे कर यातायात को सुचारु किया गया। कुछ समय बाद हाईवे को पूरी तरह साफ करवाकर वाहनों की आवाजाही सामान्य कर दी गई।





































