|

DA Hike: मोदी सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों को दिया दिवाली का तोहफा, 3 फीसदी बढ़ाया महंगाई भत्ता

THE BIKANER NEWS:-नई दिल्ली: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए गुड न्यूज है। केंद्रीय मंत्रिमंडल आज महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3% बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई से लागू होगी। इस तरह कर्मचारियों को अक्टूबर को बढ़ी हुई सैलरी के साथ तीन महीने का एरियर मिलेगा। इसके साथ ही केंद्रीय कर्मचारियों का डीए उनकी बेसिक सैलरी का 58% पहुंच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इससे जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बैठक में लिए फैसलों की जानकारी दी।
वैष्णव ने बताया कि इस फैसले से इससे 49 लाख कर्मचारियों और 69 लाख पेंशनर्स को फायदा होगा। इससे सरकारी खजाने पर 10,084 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा। केंद्र सरकार साल में दो बार सरकारी कर्मचारियों के डीए में इजाफा करती है। रिटायर हो चुके लोगों को महंगाई राहत मिलता है। अब तक केंद्रीय कर्मचारियों को बेसिक सैलरी का 55% डीए के रूप में मिलता था। इससे पहले 1 जनवरी, 2025 से डीए में 2% की बढ़ोतरी की गई थी। यह छह साल में डीए में सबसे कम बढ़ोतरी थी।

कितनी बढ़ जाएगी सैलरी
अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 50,000 रुपये है तो पहले 55% डीए के हिसाब से उसे 27,500 रुपये मिलते थे। अब 58% डीए के हिसाब से उसे 29,000 रुपये मिलेंगे। इस तरह उसकी सैलरी हर महीने 1,500 रुपये बढ़ जाएगी। इसी तरह, अगर किसी पेंशनर की बेसिक पेंशन 25,000 रुपये है तो डीआर 55% के हिसाब से 13,750 रुपये था। अब 58% के हिसाब से उसे 14,500 रुपये मिलेंगे। इस तरह उसकी पेंशन हर महीने 750 रुपये बढ़ जाएगी।

Show More
Back to top button