|

पीबीएम के गेट पर गरजी कांग्रेस, रोके गए कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार हंगामा

बीकानेर। बीकानेर संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीबीएम में व्याप्त अव्यवस्थाओं और कथित भ्रष्टाचार के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के नेतृत्व में हल्लाबोल कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

कांग्रेस कार्यकर्ता पीबीएम अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया को ज्ञापन देने के लिए अस्पताल परिसर में जा रहे थे, लेकिन उन्हें प्रवेश द्वार पर ही रोक दिया गया। इसके बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान अंदर जाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी हुई।देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने आरोप लगाया कि केवल ज्ञापन देने के लिए आए कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी की गई, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से पीबीएम अस्पताल में फैली अव्यवस्था, भ्रष्टाचार और करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित मेडिसिन विंग से जुड़ी समस्याओं को उठाया जाना था।सियाग ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 10 तारीख तक अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।वहीं यूथ कांग्रेस देहात अध्यक्ष भंवरलाल कूकणा ने कहा कि पीबीएम अस्पताल में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम मरीजों को इलाज के लिए जरूरी सामग्री बाहर से खरीदने को मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी कैनुला तो कभी प्लास्टर जैसी आवश्यक सामग्री मरीजों को अस्पताल के बजाय बाजार से मंगवाई जाती है, जिससे गरीब मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेता आनंद जोशी ने कहा भाजपा के राज में चोरों की रखवाली पुलिस कर रही है। पुरा अस्पताल प्रशासन चोर है। जब हम जनता की आवाज उठाने आते हैं तो पुलिस को आगे कर दिया जाता है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता आनंद जोशी, सुभाष स्वामी, प्रहलाद सिंह मार्शल, अब्दुल सतार, शिवलाल गोदारा, आनंद सिंह सोढ़ा, श्रीकृष्ण गोदारा, रामदयाल बेनीवाल सहित विभिन्न ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button