बड़ी तालीम सम्पन्न,आज भक्त पूरणमल की भक्ति पर रीझेंगे भगवान शिव

जैसलमेर।कैलाश बिस्सा। – कृष्ण कंपनी तेज मंडली रम्मत कला संस्थान जैसलमेर के तत्वावधान में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और नगर परिषद के सहयोग से लोक रचनाकार पूनमचंद सिखवाल द्वारा रचित मारवाड़ी रंगत की नयी फैशन की रम्मत भक्त पूरण का मंचन ब्रह्म अखाड़ा गोपा चौक में 12 जुलाई, शनिवार की रात किया जाएगा।
रम्मत की बड़ी तालीम अनुभवी खिलाड़ी कमलकिशोर आचार्य के निर्देशन में व उस्ताद हरिवल्लभ शर्मा और उत्साही युवा प्रवीण गोपा के द्वारा सम्पादित करवाई गई।
इस अवसर पर संयोजक महेश व्यास उर्फ गोगा माराज व सचिव हरिवल्लभ बोहरा सहित संस्थान के पदाधिकारी और सदस्य तथा भारी संख्या में टेरिए और रम्मत प्रेमी उपस्थित थे। दुर्ग की अखे प्रोळ स्थित रामदेव मंदिर के मंडप में रात दस बजे से देर रात तीन बजे तक बड़ी तालीम चलती रही।
रम्मत के संयोजक महेश व्यास उर्फ गोगा माराज ने बताया कि बड़ी तालीम में नये पुराने खिलाड़ियों द्वारा रम्मत का पारंपरिक शैली में उम्दा प्रदर्शन गया। तालीम में नृत्य व गायन की बारीकियों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। सभी खिलाड़ी पूरे उत्साह और आत्मविश्वास से मंच पर प्रस्तुती हेतु तैयार व तत्पर हैं।
संस्थान के सचिव हरिवल्लभ बोहरा ने बताया कि रम्मत के सुचारू व व्यवस्थित प्रदर्शन की तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और नगर परिषद का पूरा सहयोग व समर्थन प्राप्त हो रहा है। साथ ही साथ आमजन से भी सहयोग व व्यवस्थाओं में भागीदारी निभाई जा रही है। सभी स्टेकहोल्डर्स ने सक्रिय सहयोग की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
बड़ी तालीम में निर्देशक व उस्तादों के अतिरिक्त रम्मत प्रेमियों द्वारा उल्लेखनीय योगदान दिया जा रहा है। दिलीप शर्मा ने पारंपरिक टाप के विकल्प में प्रोजेक्टर पर टेक्स्ट की सुविधा का संचालन कर खिलाड़ियों व टेरियों को लाभ पहुंचाया। मुख्य प्रदर्शन में आम दर्शक भी बड़ी स्क्रीन पर इस डिजीटल सुविधा से लाभान्वित होंगे।
नयी पीढ़ी के कलाकारों के साथ वाद्य यंत्र संगत भी युवा कलाकारों ने भी अपना हुनर दिखाया।

बड़ी तालीम में कमलकिशोर आचार्य ने टेर दल का नेतृत्व किया । संस्थान के अध्यक्ष व उस्ताद हरिवल्लभ शर्मा ने रम्मत प्रदर्शन की भाव-भंगिमाओं व नृत्य-गायन के अंदाज की बारीकियां सिखाई। वरिष्ठ कलाकारों ने भी अनुभव आधारित सुझाव दिए।
रम्मत कला संस्थान की ओर से पारम्परिक लोक कला के संरक्षण-संवर्द्धन तथा खिलाडियो व टेरियों के उत्साहवर्धन हेतु समस्त रम्मत प्रेमियों से आग्रह किया गया है कि सपरिवार शनिवार की रात गोपा चौक में उपस्थित रहकर रम्मत आयोजन को सफल बनाने में अपना परम्परागत सहयोग प्रदान करें। संयोजक महेश व्यास उर्फ गोगा माराज ने कहा कि रम्मत आयोजन-मंचन में स्वर्ण नगरी विचार मंच जैसलमेर का व्यवस्था आदि का सक्रिय सहयोग पूर्व की भांति पूर्ण रूप से किया जाएगा।





































