बीकानेर में दिल दहला देने वाली वारदात, महिला पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने प्रयास,झुलसी महिला पीबीएम रेफर

THE BIKANER NEWS:बीकानेर, 24 जुलाई। जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के रीड़ी गांव में शुक्रवार को पारिवारिक रंजिश के चलते एक युवक द्वारा अपनी चाची पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसी महिला को प्राथमिक उपचार के बाद पीबीएम अस्पताल, बीकानेर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता गुद्दी देवी (40) पत्नी शंकर वाल्मीकि, मूल निवासी मोमासर बास एवं वर्तमान निवासी रीड़ी, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे घर पर अकेली थीं। इसी दौरान काकड़ा निवासी उनके जेठ का बेटा मनीष वाल्मीकि घर पहुंचा। आरोप है कि पुरानी पारिवारिक रंजिश के चलते उसने गुद्दी देवी पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस से आग लगा दी।
महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद उन्हें गंभीर अवस्था में श्रीडूंगरगढ़ के उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस उप निरीक्षक रतनलाल ने तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा की मौजूदगी में पीड़िता के पर्चा बयान दर्ज किए। डॉक्टरों के अनुसार महिला गंभीर रूप से झुलसी हुई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी मनीष वाल्मीकि के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और मामले की जांच जारी है।




































