Bikaner:-गोचर बचाओ आंदोलन के बीच गोचर भूमि पर अवैध कब्जों के आरोप!

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर में एक तरफ ‘गोचर बचाओ आंदोलन’ जोर पकड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ भीनासर गोचर भूमि का है, जहां नखतबन्ना मंदिर के पीछे सैकड़ों बीघा जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतें सामने आ रही हैं।

स्थानीय निवासियों और ‘मुरली मनोहर गोचर संरक्षण समिति’ का आरोप है कुछ लोग गौशाला बनाने की आड़ में गोचर भूमि पर पट्टियाँ और टुकड़े रोपकर अवैध कब्जे कर रहे हैं। आरोप है कि बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) के अधीन आने के बावजूद इस क्षेत्र में निगरानी बेहद कमजोर है।
धमकियां देने के आरोप
हैरानी की बात यह है कि जो स्थानीय लोग इन कब्जों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां देने की भी बात सामने आ रही है,। लोगों का कहना है कि प्रशासन या तो हालात से बेखबर है या जानबूझकर आंखें मूंदे बैठा है।
इस पूरे मामले पर भीनासर हल्का पटवारी सुमित जोशी का कहना है कि पूर्व में मिली शिकायतों से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया था। फिलहाल उनके संज्ञान में नई लिखित शिकायत नहीं है, फिर भी वे मौके पर जाकर वस्तुस्थिति देखेंगे। बड़ा सवाल यह है कि जब कब्जे खुलेआम हो रहे हैं, तो कार्रवाई के लिए ‘लिखित शिकायत’ का इंतजार क्यों?
बड़े आंदोलन की चेतावनी:
स्थानीय लोगों में भारी रोश है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया, तो आने वाले समय में एक उग्र जन-आंदोलन होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।



































