बीकानेर:भारतमाला मार्ग पर दर्दनाक हादसा,निजी बस ने भेड़-बकरियों के झुंड को कुचला,25 से ज्यादा मवेशियों की मौत

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर बीकानेर के रासीसर गांव में कल शाम को भारतमाला मार्ग के पास एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार निजी बस ने सड़क पार कर रहे भेड़-बकरियों के झुंड को बुरी तरह कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में मौके पर ही 25 से अधिक मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए।

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, रासीसर निवासी माजी खां अपनी लगभग 300 भेड़-बकरियों को चराकर खेत से घर लौट रहे थे। तभी नोखा से बीकानेर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार निजी बस ने मवेशियों के झुंड को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मवेशियों के शव और घायल जानवर सड़क पर चारों तरफ बिखर गए। हादसे के बाद बस चालक मौके से बस लेकर फरार हो गया।
3 लाख से अधिक का नुकसान
पीड़ित पशुपालक माजी खां ने बताया कि इस दुर्घटना में उन्हें भारी आर्थिक चोट पहुंची है। उनके अनुसार, करीब 3 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। एक गरीब किसान के लिए यह एक बहुत बड़ा झटका है।
ग्रामीणों ने की मदद, पुलिस पर लेटलतीफी का आरोप
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई। आसपास मौजूद किसान सिकंदर, सदीक और अजीज तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मानवीयता दिखाते हुए घायल मवेशियों को उपचार के लिए अपनी गाड़ियों में डालकर भेजा और मृत मवेशियों को सड़क किनारे करवाया।
वहीं, स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति रोष भी देखा गया। लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के एक घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी।




































