अन्य जिलों में अवकाश बढ़ा, जैसलमेर में 6 जनवरी को खुलेंगे स्कूल!

जैसलमेर।कैलाश बिस्सा।स्वर्णनगरी जैसलमेर में इन दिनों हाड़कपकपाने वाली शीतलहर ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। कड़ाके की ठंड और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट के बीच सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि इतनी तीखी सर्दी में नौनिहाल बच्चे स्कूल कैसे जाएंगे?

गौरतलब है कि जिले में शीतकालीन अवकाश 5 जनवरी को समाप्त होने जा रहा है, जबकि मंगलवार से प्रातःकालीन विद्यालय खुलने की स्थिति बन रही है। वहीं दूसरी ओर प्रदेश के कई अन्य जिलों में जिला कलेक्टरों ने शीत ऋतु और शीतलहर को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों में अवकाश बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए हैं।
स्वर्णनगरी जैसलमेर की भौगोलिक परिस्थितियां विषम मानी जाती हैं। यदि शहर का यह हाल है, तो ग्रामीण क्षेत्रों में सर्दी का असर और भी गंभीर बताया जा रहा है। ठंडी हवाओं और गिरते तापमान के बीच छोटे बच्चों का सुबह-सुबह स्कूल जाना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है।
स्थानीय अभिभावकों और शिक्षाविदों का कहना है कि अन्य जिलों की तुलना में जैसलमेर का न्यूनतम तापमान अधिक गिरता है, ऐसे में नौनिहालों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन को जनहित में शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वह शीतलहर की गंभीरता को देखते हुए विद्यालयों के अवकाश को लेकर क्या निर्णय लेता है।



































