|

बंगाल:-भारी बारिश से मचा हाहाकार, जनजीवन बुरी तरह प्रभावित,स्कुलो में छुट्टी! कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

KOLKATA NEWS:- बंगाल, कोलकाता में रातभर मूसलाधार बारिश से मंगलवार को जलभराव हो गया, जिससे जनजीवन लगभग ठप हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए, जिससे यातायात, सार्वजनिक परिवहन और ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं मुख्य सड़कों पर वाहन फंसे रहे, यात्रियों को कई चौराहों पर कमर तक पानी से होकर गुजरना पड़ा और ब्लू लाइन के एक लंबे हिस्से पर मेट्रो सेवाएं स्थगित कर दी गईं।

ताज़ा जानकारी के मुताबिक भारी बारिश के चलते करंट से मरने वालों की संख्या 7 हो गई है।

कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की टीम पानी निकालने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही हैं।
अधिकारी कड़ी मेहनत कर रहे हैं लेकिन नहरें और नदियां पानी से लबालब भरी हैं और हर बार जब पानी निकाला जाता है, तो शहर के अंदर और पानी घुस रहा है। हमें डर है कि आज दोपहर लगभग 1:30 बजे बारिश के कारण शहर से अतिरिक्त पानी निकालने के हमारे प्रयास विफल हो जाएंगे। रात लगभग 10 बजे तक स्थिति में सुधार होने की उम्मीद की जा सकती है।

वहीं अधिकांश मुख्य सड़कों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पार्क सर्कस, गरियाहाट, बेहाला और कॉलेज स्ट्रीट जैसे प्रमुख चौराहों पर घुटने से कमर तक पानी भरा है, जिससे वाहन घंटों तक फंसे रहे। ईएम बाईपास, एजेसी बोस रोड और सेंट्रल एवेन्यू पर लंबे समय तक यातायात जाम की सूचना मिली, जबकि दक्षिण और मध्य कोलकाता की कई छोटी-छोटी गलियों में कमर तक पानी भर गया, जिससे वहां आवाजाही बाधित हो गयी है। यात्रियों ने बसों के बीच रास्ते में खराब होने की शिकायत की, जबकि टैक्सियां और ऐप आधारित कैब या तो सड़कों से नदारद रहीं या फिर उन्होंने बहुत ज़्यादा किराया वसूला।
स्कूलों में की छुट्टी

भारी बारिश और सड़कों पर पानी भर जाने के कारण कई स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी है। सार्वजनिक परिवहन की कमी और यातायात जाम के कारण कार्यालय जाने वालों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है।

ट्रेन और मेट्रो सेवाएं बाधित

ट्रेन और मेट्रो रेल सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हैं। ब्लू लाइन (दक्षिणेश्वर-शहीद खुदीराम) के मध्य भाग में विशेष रूप से महानायक उत्तम कुमार और रवींद्र सरोबर स्टेशनों के बीच भारी जलभराव की सूचना मिली है, जिसके कारण इस खंड पर सेवाओं को तत्काल निलंबित कर दिया गया है।

मेट्रो रेलवे कोलकाता के एक प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शहीद खुदीराम और मैदान स्टेशनों के बीच सुबह से ही सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि दक्षिणेश्वर और मैदान स्टेशनों के बीच संक्षिप्त रूप से सेवाएं चलाई जा रही हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण दक्षिण बंगाल के कई जिलों में और भारी बारिश होने की संभावना है। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के अनुसार, शहर के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में बारिश की तीव्रता ज्यादा रही। गरिया कामदहारी में कुछ ही घंटों में 332 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि जोधपुर पार्क में 285 मिमी बारिश दर्ज की गई।

Show More
Back to top button