बस की टक्कर से घायल युवक की पांच दिन बाद मौत, चालक के खिलाफ मामला दर्ज


बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र में गुसाईंसर बस स्टैंड के पास राठौड़ ट्रेवल्स की बस की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की पांच दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा 19 अक्टूबर को हुआ था। घायल युवक ने 24 अक्टूबर को बीकानेर के ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की रिपोर्ट पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, उत्तमामदेसर निवासी रामनारायण मेघवाल का 30 वर्षीय पुत्र राकेश 19 अक्टूबर को मोटरसाइकिल से बीकानेर से गोपालसर जा रहा था। गुसाईंसर बस स्टैंड के पास उसने अपनी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी की और फोन पर बात करने लगा। इसी दौरान पीछे से आई राठौड़ ट्रेवल्स की बस के चालक ने कथित रूप से लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया।परिजन घायल राकेश को उपचार के लिए बीकानेर के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां पांच दिन तक उसका इलाज चला। 24 अक्टूबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।युवक की मौत के बाद उसके पिता रामनारायण मेघवाल ने नापासर थाने में लिखित रिपोर्ट देकर बस चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। थानाधिकारी कविता पूनिया के निर्देशन में पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई जगदीश कुमार सुजनी को सौंपी गई है।





































